खबरें शेयर करें -

प्रेम विवाह के डेढ़ साल बाद रिश्ते का खूनी अंत! पत्नी की हत्या का आरोप, पति फरार!

देहरादून के कचटा गांव में घरेलू विवाद के बाद महिला की मौत से सनसनी, दरांती से हमला किए जाने की आशंका, राजस्व पुलिस जुटी जांच में!

दर्पण न्यूज 24/7 | देहरादून

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कालसी क्षेत्र के कचटा गांव में पति-पत्नी के रिश्ते का दर्दनाक अंत होने का मामला सामने आया है। करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपती के बीच विवाद के बाद पत्नी की हत्या किए जाने का आरोप पति पर लगा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला पर दरांती से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी मनोज (27) खेतीबाड़ी का काम करता है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसका नीलू (20) से प्रेम विवाह हुआ था। दोनों संयुक्त परिवार में रहते थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। गुरुवार दोपहर यह विवाद कथित तौर पर हिंसक हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने दरांती से नीलू की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी के घटनास्थल से फरार होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात की परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल के साथ आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

प्रेम से शुरू हुआ रिश्ता, सवालों के घेरे में घरेलू हिंसा!

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने और रिश्तों में बढ़ते तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेम विवाह के बाद दंपती के बीच आखिर विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और मामला कथित हत्या तक कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। फिलहाल, घटना के संबंध में सामने आई जानकारी के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

 

उत्तराखंड