खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी की डिजिटल पहचान को मिला नया मंच, रील प्रतियोगिता में दीप चंद्र भट्ट ने मारी बाजी; 183 क्रिएटर्स ने दिखाई प्रतिभा!

नगर निगम की ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ का समापन, हेमंत बिष्ट रहे दूसरे और मोहम्मद आसिम मिकरानी को मिला तीसरा स्थान; सोशल मीडिया के जरिए शहर की खूबसूरती और संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने की पहल।

हल्द्वानी। अब हल्द्वानी की खूबसूरती सिर्फ पहाड़ों, बाजारों और पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मोबाइल की स्क्रीन से देश-दुनिया तक पहुंचेगी। शहर की पहचान को डिजिटल मंच पर नई उड़ान देने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से आयोजित ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ में स्थानीय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर हल्द्वानी के ऐतिहासिक स्थलों, पर्यटन की संभावनाओं, खानपान, व्यापार, कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को अपनी रील के माध्यम से कैमरे में उतारा। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद दीप चंद्र भट्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया। हेमंत सिंह बिष्ट दूसरे और मोहम्मद आसिम मिकरानी तीसरे स्थान पर रहे।

समापन समारोह में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिता का मकसद केवल विजेताओं का चयन करना नहीं, बल्कि शहर की प्रतिभाओं को मंच देना और हल्द्वानी की सकारात्मक पहचान को डिजिटल दुनिया में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज किसी भी शहर की पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 183 लोगों ने प्रतिभाग किया। विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हल्द्वानी की पहचान को और मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

अब सवाल यह है कि क्या सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाला हल्द्वानी का यह खूबसूरत चेहरा शहर की वास्तविक समस्याओं और विकास की तस्वीर को भी उतनी ही मजबूती से सामने ला पाएगा? क्योंकि किसी शहर की पहचान केवल उसकी खूबसूरती से नहीं, बल्कि उसकी व्यवस्थाओं, सुविधाओं और नागरिकों की जिंदगी से भी बनती है।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भुवन जोशी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल और सचिन साह सहित कई लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड