खबरें शेयर करें -

 

किच्छा चीनी मिल में गन्ने की पेराई का काउंटडाउन शुरू, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ बॉयलर पूजन!

किसानों की उम्मीदों से जुड़ा है मिल का संचालन, गन्ना आयुक्त ने अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश

किच्छा। हजारों गन्ना किसानों और उनके परिवारों की आजीविका से जुड़ी किच्छा चीनी मिल में नए पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। आगामी पेराई सत्र के सफल और निर्बाध संचालन के लिए बुधवार को मिल परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बॉयलर पूजन किया गया। इसके साथ ही मिल में नए पेराई सत्र का काउंटडाउन शुरू हो गया है।

गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर नए पेराई सत्र के सफल संचालन की कामना की।

इस मौके पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किच्छा चीनी मिल केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों किसानों की आर्थिक मजबूती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी है। मिल का समय पर संचालन और किसानों को उनकी उपज का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से चीनी मिलों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने और पेराई सत्र को व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

वहीं, गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने स्पष्ट किया कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले मशीनरी, बॉयलर और संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं, ताकि पेराई शुरू होने के बाद किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बॉयलर पूजन के साथ मिल प्रबंधन ने नए सत्र की तैयारियों को गति दे दी है। अब किसानों की निगाहें मिल के समय पर संचालन, सुचारु गन्ना खरीद और बकाया भुगतान पर टिकी हैं। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता डीसी पांडे, मुख्य रसायनज्ञ आशीष त्रिवेदी, मुख्य लेखाकार संजय कुमार पांडेय, गन्ना प्रबंधक ऋषिपाल सिंह, मुख्य समयपाल प्रेमराज मिश्रा सहित मिल के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उत्तराखंड