अब घर बैठे खुद दर्ज करें परिवार का पूरा ब्योरा! जनगणना-2027 के लिए शुरू हुई स्व-गणना की तैयारी, हल्दूचौड़ एलबीएस राजकीय महाविद्यालय में छात्रों को दिया गया प्रशिक्षण।
लालकुआं। अब जनगणना के लिए घर-घर जानकारी जुटाने की प्रक्रिया के साथ नागरिकों को खुद भी अपना और परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करने का मौका मिलेगा। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को लेकर लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने के साथ मौके पर ही इसका अभ्यास भी कराया गया।
जनगणना निदेशालय उत्तराखंड और उच्च शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार लालकुआं भूपाल सिंह मटियानी, स्व-गणना प्रशिक्षक एवं खाद्य पूर्ति अधिकारी मोहित सिंह कठायत तथा जनगणना लिपिक कमलेश कुमार ने प्रतिभागियों को स्व-गणना के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों का आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी भरने की प्रक्रिया समझाई गई और स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परिवार के सभी सदस्यों का सही और तथ्यात्मक विवरण दर्ज करना बेहद जरूरी है, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक और उपयोगी बन सकें।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की भावी योजनाओं और विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सही आंकड़ों के आधार पर ही जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और विकसित भारत के लक्ष्य को गति मिल सकती है।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के जनगणना नोडल अधिकारी डॉ. हेम चंद्र पांडे ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर कला, विज्ञान, वाणिज्य और बीएड संकाय के छात्र-छात्राओं सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

