घर में घुसा रिटायर्ड फौजी, कांस्टेबल की पत्नी की गर्दन पर चाकू से किया वार! मां को बचाने दौड़े मासूम बच्चों को भी पीटा।
काशीपुर में सनसनीखेज वारदात से मचा हड़कंप, महिला की हालत नाजुक; गंभीर हालत में दिल्ली रेफर, आरोपी पूर्व सैन्यकर्मी हिरासत में।
काशीपुर। ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां आपसी विवाद के दौरान एक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने कथित तौर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल की पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला की गर्दन पर चाकू से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। मां को खून से लथपथ देख बचाने के लिए दौड़े दोनों बच्चों को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उनके साथ मारपीट की। घर के भीतर मची चीख-पुकार से इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, खड़कपुर देवीपुरा निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। उनकी पत्नी रिंकी अपने दो बच्चों के साथ काशीपुर स्थित घर में रहती हैं। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी संजय गौतम का सचिन के परिवार से पहले से परिचय था और उसका उनके घर आना-जाना भी था।
बुधवार शाम संजय गौतम किसी काम से सचिन के घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी रिंकी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आए संजय ने चाकू निकालकर रिंकी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
मां की चीख सुन दौड़े बच्चे, हमलावर ने उन्हें भी पीटा
घर के भीतर मां की चीख-पुकार सुनकर दोनों बच्चे उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोप है कि हमलावर ने बच्चों के साथ भी मारपीट की। इस अप्रत्याशित हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान रिंकी को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया और बरेली में तैनात उनके पति सचिन कुमार को घटना की सूचना दी। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, हमले की वजह तलाश रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी संजय गौतम को हिरासत में ले लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर ऐसा क्या विवाद हुआ कि परिचित के घर पहुंचा व्यक्ति चंद मिनटों में खूनी हमलावर बन गया। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

