खबरें शेयर करें -

सेहरा सजाकर मंडप में बैठने की थी तैयारी, तभी पहुंच गई पुलिस! 16 साल की दुल्हन की शादी रुकवाई, दूल्हा परिजनों समेत हिरासत में!

दिनेशपुर के बुकसौरा गांव में नाबालिग की शादी की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, उम्र के दस्तावेजों में खुला मामला, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज!

दिनेशपुर। घर में शादी की खुशियां थीं, मेहमानों की चहल-पहल थी और दूल्हा सेहरा सजाकर मंडप में बैठने की तैयारी कर रहा था। घराती-बाराती दावत का लुत्फ उठा रहे थे और विवाह की रस्में शुरू होने ही वाली थीं। लेकिन इसी बीच पुलिस की अचानक एंट्री ने पूरे शादी समारोह का माहौल बदल दिया। वजह थी दुल्हन की उम्र। जांच में पता चला कि जिस लड़की की शादी कराई जा रही थी, वह महज 16 साल की नाबालिग है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल विवाह रुकवा दिया और दूल्हे समेत उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया।

मामला ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र के बुकसौरा गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक नाबालिग लड़की का विवाह कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय शादी समारोह पूरे शबाब पर था। मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था थी और विवाह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। पुलिस को अचानक सामने देखकर समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों में उसकी उम्र 16 वर्ष सामने आते ही पुलिस ने विवाह की प्रक्रिया रुकवा दी। इसके बाद मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

थानाध्यक्ष पंकज कुमार के अनुसार, नाबालिग की शादी कराए जाने की सूचना पर पुलिस टीम बुकसौरा गांव पहुंची थी। जांच में लड़की की उम्र 16 वर्ष पाए जाने पर गांव के ही दूल्हे भूपाल विश्वास पुत्र समीर विश्वास और उसके परिजनों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

18 साल से कम उम्र में शादी कानूनन अपराध!

कानून के मुताबिक, लड़की की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत नाबालिग का विवाह कराने, उसमें सहयोग करने और आयोजन में जिम्मेदार भूमिका निभाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

बुकसौरा गांव में शादी के मंडप तक पहुंची पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है। फिलहाल इस मामले ने एक बार फिर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और कानून की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उत्तराखंड