oplus_136380432
खबरें शेयर करें -

बिंदुखत्ता के राजस्व गांव पर धामी फिर खेल गए सियासी दांव! ‘विकल्प नहीं, संकल्प है’… लेकिन हजारों परिवारों को अधिकार कब?

लोक सांस्कृतिक महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरा, दशकों तक फाइलों में मामला दबाए रखने का लगाया आरोप, केंद्र से लगातार संवाद और ठोस प्रशासनिक कार्रवाई का किया दावा, मगर समयसीमा बताने से रहे दूर।

बिंदुखत्ता/लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग अब एक बार फिर सियासत के केंद्र में है। लोक सांस्कृतिक महोत्सव लोकथात 2026 के मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मुद्दे पर ऐसा राजनीतिक बयान दिया, जिसने क्षेत्र की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाना उनकी सरकार का विकल्प नहीं, बल्कि संकल्प है। उन्होंने केंद्र सरकार से लगातार संवाद स्थापित होने और इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने का दावा भी किया। लेकिन मुख्यमंत्री के इस भरोसे के बीच सबसे बड़ा सवाल अब भी जस का तस है कि आखिर बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलेगा कब ?

स्वर्गीय लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा की स्मृति में आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री का संबोधन केवल सांस्कृतिक विरासत और विकास योजनाओं तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बिंदुखत्ता के राजस्व गांव के मुद्दे को सीधे राजनीतिक बहस के केंद्र में ला खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि दशकों तक सत्ता में रहने वालों ने इस समस्या के समाधान के लिए आखिर क्या प्रयास किए? फाइलों में इस मामले को किसने दबाए रखा? उनका कहना था कि केवल आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलता, जनता को यह जानने का अधिकार है कि आज धरातल पर काम कौन कर रहा है।

राजस्व गांव पर धामी का दावा, लेकिन जनता को चाहिए नतीजा।

मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने का विषय क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि विद्युतीकरण, बरसात में गांवों का संपर्क टूटना और पेयजल जैसी समस्याएं हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी हैं। इनका समाधान राजनीति से ऊपर उठकर होना चाहिए।

धामी ने बताया कि उनकी सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है और भारत सरकार से लगातार संवाद स्थापित किया गया है। उन्होंने बिंदुखत्ता के साथ बग्गा चौहान, बापू ग्राम और रामनगर के आसपास समान परिस्थितियों वाले गांवों की समस्याओं के स्थायी समाधान की प्रतिबद्धता भी जताई।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस विषय पर उनकी पूर्व में भगत सिंह कोश्यारी से बातचीत हुई थी और प्रयास लगातार जारी हैं।

लेकिन मुख्यमंत्री के इस बयान में एक अहम कड़ी अभी भी गायब है। केंद्र से संवाद किस स्तर पर पहुंचा है? क्या राजस्व गांव बनाने के लिए कोई औपचारिक प्रस्ताव आगे बढ़ा है? किन प्रशासनिक और कानूनी अड़चनों का समाधान किया जाना बाकी है? और सबसे महत्वपूर्ण, क्या सरकार इसके लिए कोई समयसीमा तय करेगी? इन सवालों का स्पष्ट जवाब मंच से नहीं मिला।

15 साल का इंतजार खत्म होने का दावा, फिर राजस्व गांव पर इंतजार क्यों?

मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता में विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए कहा कि करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटाने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें लगाने का काम कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल निर्माण पूरा होने, लगभग दस करोड़ रुपये की लागत से सेरानाला पुल तैयार होने और विजयपुर गौलापार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू होने की जानकारी दी।

पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, बाढ़ सुरक्षा और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा चालित तारबाड़ लगाने के कार्यों का भी उल्लेख किया।

लेकिन यहां एक राजनीतिक विरोधाभास भी दिखाई देता है। जब सरकार विद्युतीकरण जैसी वर्षों पुरानी बाधा को दूर करने का दावा कर रही है, तो बिंदुखत्ता के राजस्व गांव का मामला अब तक निर्णायक मोड़ पर क्यों नहीं पहुंचा? यह सवाल क्षेत्र के उन हजारों परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिनकी उम्मीदें अब भी सरकारी फैसले पर टिकी हैं।

विपक्ष को घेरा, लेकिन जनता का सवाल अपनी जगह कायम।

धामी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास कार्यों का मूल्यांकन घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य की लगभग 65 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं और यह अब तक के इतिहास में सबसे अधिक है।

उनका संदेश साफ था कि विपक्ष को केवल सवाल उठाने के बजाय अपने कार्यकाल का हिसाब भी देना चाहिए। मगर लोकतंत्र में सत्ता पक्ष से सवाल पूछना भी जनता का अधिकार है। यदि पिछली सरकारें जिम्मेदार थीं तो मौजूदा सरकार को यह भी बताना होगा कि लंबित समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कौन-कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं।

बिंदुखत्ता के लोगों की मांग किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष का मुद्दा नहीं, बल्कि उनके गांवों की पहचान, जमीन और भविष्य से जुड़ा सवाल है। इसलिए इस विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अधिक जरूरी है कि सरकार प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करे।

लोकगायक की स्मृति में घोषणाएं, संस्कृति को मिलेगा नया मंच।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का सच्चा साधक बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनके गीतों में पहाड़ का वास्तविक जनजीवन, माताओं-बहनों का संघर्ष और सामाजिक संवेदनाएं जीवंत होती थीं। ‘गर्व की बेटी नमः’ जैसे गीतों के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और अधिकारों का संदेश दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रह्लाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित आवश्यक कार्य कराने की घोषणा की। साथ ही महोत्सव स्थल पर एक हजार लोगों की क्षमता वाला विशाल सांस्कृतिक हॉल बनाने का भी ऐलान किया।

अब घोषणाओं से आगे बढ़ने की बारी।

लोक सांस्कृतिक महोत्सव का मंच लोकसंस्कृति के सम्मान और कलाकारों के उत्साहवर्धन का अवसर था, लेकिन मुख्यमंत्री के संबोधन ने बिंदुखत्ता के सबसे बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक सवाल को फिर सुर्खियों में ला दिया।

धामी ने विपक्ष से पुराना हिसाब मांगा, केंद्र से संवाद का भरोसा दिया और राजस्व गांव बनाने को अपनी सरकार का संकल्प बताया। अब बिंदुखत्ता की जनता भी सरकार से इसी संकल्प का हिसाब मांग रही है।

क्योंकि बिंदुखत्ता के लोगों को अब यह सुनने में दिलचस्पी नहीं कि किसने फाइल दबाई और किसने राजनीति की। उनकी असली अपेक्षा है कि जिस राजस्व गांव के अधिकार के लिए पीढ़ियां इंतजार कर रही हैं, उस पर आखिरकार सरकारी मुहर कब लगेगी?

सियासत के मंच पर संकल्प की घोषणा हो चुकी है। अब निगाहें सरकार के फैसले पर हैं।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा,लक्लकुआं विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट, मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ,भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, पूर्व विधायक नवीन दुमका, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रविंद्र सिंह रैकुनी,शंकर कोरंगा , वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश खुलवे, उमेश शर्मा, आनंद सिंह दर्मवाल, मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, पवन चौहान,दीवान सिंह बिष्ट,राम सिंह पपोला,नवीन पपोला, पान सिंह मेवाड़ी, समेत सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड