ओवरलोड गन्ना ट्रॉली फ्लाईओवर पर डिवाइडर में चढ़ी, बड़ा हादसा टला।
मां अवंतिका की कृपा से बची कई जिंदगियां, दो घंटे तक जाम में फंसा रहा हाईवे।
लालकुआं। हल्दूचौड़ गन्ना सेंटर से ओवरलोड गन्ना लेकर किच्छा जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार सुबह बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गई। लालकुआं–काशीपुर फ्लाईओवर पर ट्रक से हुई हल्की टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़ गई और आधी फ्लाईओवर से नीचे लटक गई। सौभाग्य रहा कि ट्रॉली नीचे नहीं गिरी, अन्यथा भारी जनहानि हो सकती थी।
घटना रविवार प्रातः करीब 9:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने स्थित फ्लाईओवर पर चढ़ी, सामने से आ रहे एक ट्रक से उसका झोंका लग गया। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के डिवाइडर पर चढ़ गई और वहीं फंसकर नीचे की ओर लटक गई।
फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के फंसते ही दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को वन-वे कर धीरे-धीरे जाम खुलवाया। पुलिसकर्मियों को इस दौरान काफी दौड़-भाग करनी पड़ी।
दोपहर करीब 12 बजे क्रेन मंगाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को डिवाइडर से सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद ट्रॉली में गन्ने को सही ढंग से व्यवस्थित किया गया, तब कहीं जाकर यातायात पूरी तरह बहाल हो सका। लगभग 12:30 बजे हाईवे पर यातायात सामान्य हुआ।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सामने मां अवंतिका कुंज देवी मंदिर होने के कारण मां की कृपा से बड़ा हादसा टल गया। साथ ही उन्होंने गन्ना मिल के ट्रांसपोर्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ओवरलोड गन्ने से लदी ट्रॉलियां खुलेआम फर्राटा भर रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
