खबरें शेयर करें -

लालकुआँ। हल्दूचौड़ क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बच्चीधर्मा, दुम्का बंगर और गोपीपुरम गांवों में हाथी न केवल फसलों को रौंद रहे हैं, बल्कि अब घरों पर भी हमला करने लगे हैं। बीती रात दुम्का बंगर गांव में करीब 1 बजे एक नर हाथी ने तांडव मचाते हुए कई किसानों की फसलें चौपट कर दीं।

हाथी ने गिरीश चन्द्र जोशी, गणेश जोशी, बंसती देवी, रमेश फुलारा समेत आधा दर्जन से अधिक किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। इतना ही नहीं, गिरीश चन्द्र जोशी के घर की सुरक्षा दीवार और मुख्य गेट को भी तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया।

गिरीश चन्द्र जोशी ने बताया कि “रात 1 बजे हाथी आया, सब तहस-नहस कर दिया। न फसल बची, न दीवार। रोज़ डर लगता है, वन विभाग कुछ करे।”

कनिष्ठ उप प्रमुख कमल भंडारी ने बताया कि “मौके का जायजा लिया है। वन विभाग से बातचीत हुई है। किसानों को जल्द मुआवजा मिले और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कार्रवाई हो।”

ग्रामीणों में लगातार दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब सबकी निगाहें वन विभाग पर हैं कि कब तक हाथियों के इस आतंक से राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड