खबरें शेयर करें -

 

21 साल की संगठनात्मक सेवा के बाद अब विजय बृजवासी ने भी लालकुआं से ठोकी दावेदारी।

बोले- हर कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने का अधिकार, युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना प्राथमिकता।

दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। भाजपा संगठन में वर्ष 2005 से स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय विजय बृजवासी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लालकुआं सीट से विधायक पद की दावेदारी सार्वजनिक कर दी है। करीब 21 वर्षों के संगठनात्मक सफर को सेवा और समर्पण की यात्रा बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन में उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे उन्होंने हमेशा कार्यकर्ता की भावना से निभाया।

हल्दूचौड़ की बमेटा बंगर केशव ग्राम पंचायत के ग्राम राधाबंगर के मूल निवासी विजय बृजवासी ने कहा कि लालकुआं विधानसभा उनका गृह क्षेत्र है। उनकी पारिवारिक जड़ें धारी ब्लाक के बमेटा गांव से जुड़ी हुई हैं। उनके पिता धारा बल्लभ बृजवासी पूर्व सैनिक रहे हैं। क्षेत्र से लंबे समय से जुड़ाव के साथ ही उन्होंने भाजपा संगठन में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है।

विजय बृजवासी के मुताबिक वर्ष 2005 में स्वयंसेवक के रूप में शुरू हुआ उनका संगठनात्मक सफर लगातार आगे बढ़ा। भाजपा संगठन में विधानसभा और लोकसभा विस्तारक के रूप में उन्होंने विभिन्न चुनावों में जिम्मेदारी निभाई। चुनावों के दौरान कई बार अपना घर छोड़कर संगठन के लिए काम किया और बूथ से लेकर विधानसभा तथा लोकसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर पद हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि संगठन के प्रति सेवा भाव के साथ आगे बढ़ा है। यही कारण है कि लंबे समय तक संगठन में काम करने के बावजूद उन्होंने स्वयं को हमेशा एक कार्यकर्ता के रूप में ही देखा।

विजय बृजवासी ने कहा कि अब उनका प्रमुख उद्देश्य संगठन के विस्तार के साथ नई युवा पीढ़ी को नेतृत्व के लिए तैयार करना है। उनका मानना है कि संगठन में ऐसे युवाओं को आगे लाने की जरूरत है, जो अपने कौशल और आत्मविश्वास के साथ विधानसभा तक पहुंचने की क्षमता रखते हों। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल चुनाव के समय सक्रिय करने के बजाय उन्हें लगातार राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संगठन की रीति-नीति और भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है। उनका दृष्टिकोण केवल राजनीतिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। राजनीतिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और धार्मिक स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति के विकास और विस्तार को लेकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने सरल और संगठित राजनीति को आगे बढ़ाने तथा तुष्टीकरण की राजनीति से दूर रहने की बात कही।

बृजवासी ने कहा कि वह युवाओं को बेहतर तरीके से समझते हैं और उनकी सोच, ऊर्जा तथा अपेक्षाओं को दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उनका लक्ष्य युवाओं को आगे लेकर चलना है, ताकि आने वाले समय में लालकुआं विधानसभा से ऐसे नेतृत्वकर्ता तैयार हों, जो क्षेत्र और संगठन दोनों की जिम्मेदारी मजबूती से संभाल सकें।

लालकुआं विधानसभा से अपनी दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी भी इच्छा है कि वह आगामी चुनावी पर्व में विधायक पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में दावेदारी करना प्रत्येक व्यक्ति और कार्यकर्ता का लोकतांत्रिक अधिकार है। स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिक होने के नाते हर सक्षम व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार संगठन के समक्ष अपनी दावेदारी रख सकता है।

उन्होंने कहा कि दावेदारी किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। अंतिम निर्णय संगठन को करना है, लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी योग्यता, अनुभव और संगठन के प्रति योगदान के आधार पर अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।

विजय बृजवासी वर्तमान में भाजपा नैनीताल के जिला सह-संयोजक, खेल प्रकोष्ठ के दायित्व पर हैं। करीब दो दशक से अधिक समय से संगठन में सक्रिय रहने, विभिन्न चुनावों में विस्तारक के रूप में जिम्मेदारी निभाने और क्षेत्र से गहरे जुड़ाव के साथ उन्होंने लालकुआं विधानसभा से अपनी दावेदारी सामने रखी है। उनकी इस घोषणा के बाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संभावित दावेदारों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।