खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय ने रचा इतिहास!

पहली बार दूरबीन विधि से अपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन, आधुनिक चिकित्सा की ओर बढ़ा बड़ा कदम!

दर्पण न्यूज 24/7

अल्मोड़ा संवाददाता!

पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा ने चिकित्सा क्षेत्र में एक नई इबारत लिखते हुए पहली बार दूरबीन विधि से अपेंडिक्स का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कर इतिहास रच दिया है। सीमित संसाधनों के बीच हासिल की गई यह उपलब्धि न केवल अल्मोड़ा बल्कि पूरे कुमाऊं मंडल के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

यह जटिल ऑपरेशन जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. अमित सुकोटी एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। मरीज शुभम पाण्डे (22 वर्ष) पिछले करीब तीन महीनों से असहनीय पेट दर्द से परेशान थे। आधुनिक दूरबीन तकनीक के जरिए ऑपरेशन सफल रहा और मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मरीज और उनके परिजनों ने चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल का आभार व्यक्त करते हुए इसे अल्मोड़ा के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

चिकित्सकीय क्षेत्र में अपनी दक्षता और आधुनिक तकनीकों की विशेषज्ञता के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. अमित सुकोटी ने बेहद सीमित संसाधनों के बावजूद जिस आत्मविश्वास और कुशलता के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, उसकी हर ओर सराहना हो रही है। बताया जा रहा है कि उन्हें रोबोटिक शल्य चिकित्सा जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी अनुभव है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि शासन द्वारा जिला चिकित्सालय को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित कर्मी और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो भविष्य में यहां रोबोटिक शल्य चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी शुरू हो सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा और अल्मोड़ा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

डॉ. अमित सुकोटी ने बताया कि भविष्य में अस्पताल में हर्निया मरीजों के लिए भी अंदरूनी जाली प्रत्यारोपण विधि से दूरबीन उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

इस उपलब्धि के पीछे सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के लंबे संघर्ष और प्रयासों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने जिला चिकित्सालय में दूरबीन शल्य चिकित्सा मशीन और सामान्य बेहोशी मशीन उपलब्ध कराने के लिए लंबे समय तक शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष लगातार आवाज उठाई। इसके लिए उन्हें कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार करने के साथ सूचना के अधिकार कानून का भी सहारा लेना पड़ा।

उनके निरंतर प्रयासों और चिकित्सकों की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा आधुनिक दूरबीन शल्य चिकित्सा की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष से यहां दूरबीन विधि द्वारा पित्ताशय के सफल ऑपरेशन भी लगातार किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिली है।

जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. एच.सी. गड़कोटी ने ऑपरेशन टीम की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल सीमित संसाधनों के बावजूद मरीजों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

ऑपरेशन टीम में डॉ. पल्लवी चौहान (निश्चेतक), नर्सिंग स्टाफ सरिता, प्रियंका और नेहा, वार्ड सहायक धर्मेन्द्र, राजेन्द्र बिष्ट तथा शोभा शामिल रहे।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि उनका प्रयास हमेशा यही रहेगा कि अल्मोड़ा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही मिलें और छोटी-छोटी चिकित्सा सुविधाओं के लिए भी उन्हें बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि जनहित के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

उत्तराखंड