कांग्रेस से सतर्क रहें, केरल को कट्टरपंथ की प्रयोगशाला बना रही है: मोदी !
प्रधानमंत्री का केरल में विपक्ष पर तीखा हमला, कांग्रेस को बताया ‘मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस !
— दर्पण न्यूज 24/7 एक्सक्लूसिव
तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल में शुक्रवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और वाम मोर्चे पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को “मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस (एमएमसी)” करार देते हुए कहा कि यह पार्टी राज्य में कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा दे रही है और केरल को अपनी रणनीतियों के परीक्षण स्थल के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
मोदी ने कहा, “कांग्रेस के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। आज उसने ऐसा रुख अपना लिया है जो माओवादियों से भी ज्यादा कम्युनिस्ट और मुस्लिम लीग से भी ज्यादा सांप्रदायिक है। इसलिए देशभर में कांग्रेस को अब एमएमसी कहा जाने लगा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वाम मोर्चा दोनों की सोच एक जैसी है—“बिना जवाबदेही के भ्रष्टाचार और बिना जिम्मेदारी के विभाजनकारी सांप्रदायिकता।”
प्रधानमंत्री ने शबरीमला मंदिर से सोना गायब होने के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मंदिर की परंपराओं को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अब खबरें आ रही हैं कि भगवान का सोना चोरी हो गया। जैसे ही केरल में भाजपा की सरकार बनेगी, इन आरोपों की विस्तृत जांच होगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। यह मोदी की गारंटी है।”
मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके झंडे और चुनाव चिन्ह अलग हो सकते हैं, लेकिन उनकी राजनीति और एजेंडा एक जैसा है।
उन्होंने केरल के लोगों से अपील की कि वे विकास समर्थक और जनहितैषी सरकार के लिए निर्णायक जनादेश दें।
“केरल को नई राजनीति चाहिए। विकसित केरल के लिए बड़ा फैसला करना होगा। यह काम केवल भाजपा और राजग ही कर सकते हैं,” उन्होंने कहा।
💬 “मेरे प्रति प्रेम को नाटक कहा जाता है”
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में एक बच्चे द्वारा बनाई गई उनकी तस्वीर दिखाए जाने पर भावुक प्रतिक्रिया भी दी।
उन्होंने कहा, “मेरे प्रति प्रेम की अभिव्यक्तियों को मेरे आलोचक अक्सर नाटकीय या पूर्वनियोजित बता देते हैं। लेकिन अगर किसी ने प्यार और मेहनत से कुछ बनाया है, तो उस बच्चे का अपमान मैं नहीं कर सकता।”
मोदी ने कहा कि वे अपने प्रति किए गए अपमान सह लेंगे, लेकिन किसी बच्चे की भावना का अपमान स्वीकार नहीं करेंगे।
दर्पण न्यूज 24/7 | एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
केरल की राजनीति में उबाल, चुनाव से पहले मोदी का विपक्ष पर सबसे बड़ा हमला
अब सवाल—क्या बदलेगा केरल का राजनीतिक समीकरण?
