खबरें शेयर करें -

हाथी आतंक से राहत की बड़ी पहल: हरिपुर बच्ची में सोलर फेंसिंग व सोलर लाइट योजना का शुभारंभ कल।
लालकुआँ।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों को राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। हरिपुर बच्ची क्षेत्र में सोलर फेंसिंग एवं सोलर लाइटों की कार्ययोजना का विधिवत शुभारंभ स्थानीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम इम्मोर्टल इंटरनेशनल स्कूल, ग्राम हरिपुर बच्ची, हल्दुचौड़ के समीप आयोजित होगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका ने जानकारी देते हुए बताया कि जंगल से सटे गांवों में हाथियों की आवाजाही से लंबे समय से जान-माल का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए सोलर फेंसिंग और सोलर लाइटों की योजना तैयार की गई है, जो मानव–वन्यजीव संघर्ष को कम करने में कारगर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी रेंज, तराई केंद्रीय (वन विभाग) द्वारा जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत
अग्नि सुरक्षा,
मानव–वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण,
वनों के किनारे सोलर लाइटों लगाए जाने
तथा वन्यजीवों से सुरक्षा को लेकर विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं व सुझाव साझा करने और स्थायी समाधान की दिशा में सहयोग करने की अपील की है।

उत्तराखंड