खबरें शेयर करें -

चार साल के विकास का जश्न, जन्मदिन पर कल दिखेगा कार्यकर्ताओं का उत्साह!

गौलापार से चोरगलिया, बरेली रोड से बिंदुखत्ता तक होंगे कार्यक्रम, कई जगह रक्तदान शिविर का भी होगा आयोजन!

लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का जन्मदिन सोमवार को कार्यकर्ताओं द्वारा धूमधाम से मनाया जाएगा। गौलापार, चोरगलिया, बरेली रोड, लालकुआं और बिंदुखत्ता समेत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कई स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की भी जानकारी है।

कार्यकर्ताओं ने विधायक के जन्मदिन को चार साल के विकास कार्यों और जनसेवा को समर्पित करने की तैयारी की है। कार्यक्रमों में डॉ. बिष्ट के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना के साथ उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को जनता के बीच रखा जाएगा।

विधायक निधि और राज्य योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सार्वजनिक मार्ग, पुलिया, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्य कराए गए हैं। बिंदुखत्ता, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू, गौलापार और चोरगलिया समेत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुधारीकरण के साथ शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्य भी हुए हैं।

जन्मदिन के आयोजनों को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रमों की तैयारी के बीच इसे ‘चार साल का विकास, जनता के नाम’ के संदेश के साथ मनाने की तैयारी है।

विधायक के जन्मदिन पर होने वाले आयोजनों के जरिए कार्यकर्ता न केवल अपने नेता के प्रति समर्थन और उत्साह दिखाएंगे, बल्कि चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखने की कोशिश करेंगे। अब देखना होगा कि जन्मदिन के इन आयोजनों में कार्यकर्ताओं का उत्साह किस तरह दिखाई देता है।

उत्तराखंड