तराई केंद्रीय वनप्रभाग में मचा घमासान! प्लांटेशन वाचर के संगीन आरोपों से हिले एसओजी प्रभारी, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से विभाग में हड़कंप!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो!
रुद्रपुर।
तराई केंद्रीय वनप्रभाग एक बार फिर सुर्खियों में है। प्लांटेशन वाचर द्वारा एसओजी प्रभारी पर लगाए गए गंभीर आरोपों और एसओजी प्रभारी द्वारा उन्हें सिरे से खारिज किए जाने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तराई केंद्रीय वनप्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएफओ ने स्पष्ट किया कि आरोप बेहद गंभीर हैं, लिहाजा संबंधित रेंज के रेंज अधिकारी को तत्काल जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि “दूध का दूध और पानी का पानी” हो सके।
उधर, प्लांटेशन वाचर ने एसओजी प्रभारी पर कई संगीन आरोप लगाए हैं, जबकि एसओजी प्रभारी ने सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए साजिश करार दिया है। दोनों पक्षों के बयानों से मामला और गरमा गया है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से तराई केंद्रीय वनप्रभाग में लकड़ी चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, लेकिन अब तक इन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में यह विवाद न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि वन संपदा की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा कर रहा है।
अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
दर्पण न्यूज 24/7
