खबरें शेयर करें -

पेंशन बहाली को लेकर आर-पार की चेतावनी।

सेवानिवृत्त कार्यप्रभारित से नियमित कर्मचारियों का धरना 78वें दिन भी जारी, सरकार को अल्टीमेटम।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो!

देहरादून। सेवानिवृत्त कार्यप्रभारित से नियमित कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पेंशन बहाली की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग, अजब कॉलोनी परिसर में चल रहा धरना आज 78वें दिन में प्रवेश कर गया, जबकि क्रमिक अनशन भी जारी है।

संयुक्त संघर्ष समिति के प्रांतीय सचिव हिकमत सिंह नेगी ने बताया कि पेंशन बहाली के त्वरित निस्तारण की मांग को लेकर आज समिति का एक शिष्टमंडल माननीय लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री श्री सतपाल महाराज से मिला। शिष्टमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि शासन स्तर पर लंबित प्रकरण का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि पेंशन बहाली से संबंधित शासनादेश तत्काल जारी हो सके। इस पर मंत्री ने दूरभाष के माध्यम से संबंधित सचिव से शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष श्री खेमराज कुंडरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार/शासन द्वारा शीघ्र शासनादेश जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

धरना स्थल पर आज क्रमिक अनशन के 68वें दिन सिंचाई विभाग से श्री धर्मपाल गर्ग (डाकपत्थर), श्री सुंदरपाल (कपलाड़), श्री शेर सिंह, लोक निर्माण विभाग से श्री शेरराम (जैतमोड़) सहित आनंद सिंह नेगी, परशुराम, सुरेंद्रदत्त तिवारी आदि आंदोलनकारी मौजूद रहे।

संयुक्त संघर्ष समिति ने एक स्वर में कहा कि जब तक पेंशन बहाली का लिखित शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।