

सीएम धामी ने देवीधुरा में स्कूली बच्चों से किया संवाद
राजकीय इंटर कॉलेज पहुंच छात्र-छात्राओं का बढ़ाया उत्साह, मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश।
दर्पण न्यूज 24/7
लोहाघाट/देवीधुरा। जनपद चंपावत के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा पहुंचकर छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और जीवन के लक्ष्यों को लेकर चर्चा करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह का माहौल रहा।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने देवीधुरा में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
