

पर्यटन सीजन को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश!
वाहनों को निःशुल्क हवा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कार्मिक तैनात करने के निर्देश, ईंधन आपूर्ति बनाए रखने पर जोर!
दर्पण न्यूज 24/7 भीमताल। पर्यटन सीजन और कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को वाहनों के लिए निःशुल्क हवा की सुविधा सुनिश्चित करने तथा इसके लिए एक कार्मिक की अनिवार्य रूप से तैनाती करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूर्ति निरीक्षक संजय बिष्ट एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सेल्स ऑफिसर भारत जोशी भी मौजूद रहे। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल, भीमताल और भवाली क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है, ऐसे में पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से मांग और इंडेंट के अनुसार नियमित रूप से ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विशेष रूप से कैंची धाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप संचालकों को पूर्व में ही आवश्यक इंडेंट संबंधित कंपनियों को भेजने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। साथ ही पंप परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान शिकायत पुस्तिका का भी अवलोकन किया गया, जिसमें किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल पंपों से ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
