








फॉर्म-7 से दर्ज करीब एक हजार आपत्तियों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल!
करन सतवाल संवाददाता खटीमा।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में फॉर्म-7 के माध्यम से दर्ज करीब एक हजार आपत्तियों को लेकर खटीमा में सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी से मुलाकात की।
उप नेता प्रतिपक्ष एवं खटीमा विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के समक्ष मामले को उठाते हुए आरोप लगाया कि कई मतदाताओं के नाम पर उनकी जानकारी के बिना फॉर्म-7 के जरिए आपत्तियां दर्ज की गई हैं। कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की।
विधायक कापड़ी ने तहसील परिसर की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि यह भी जांच होनी चाहिए कि फॉर्म-7 किसने जमा किए और आपत्तियां दर्ज कराने के पीछे क्या आधार था। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने मतदाताओं की जानकारी के बिना आपत्तियां दर्ज कराई हैं तो मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
