








30 सीटों की अनुमति, बस में मिले 103 यात्री
रात के अंधेरे में यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़! परिवहन विभाग ने बस सीज कर लगाया 1.34 लाख रुपये का जुर्माना!
दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां भरकर दौड़ रही निजी बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। लालपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान में एक ऐसी बस पकड़ी गई, जिसमें निर्धारित क्षमता से तीन गुना से अधिक यात्री सवार थे। बहराइच से पंजाब जा रही इस बस में महज 30 स्लीपर सीटों की अनुमति थी, जबकि जांच के दौरान उसमें 103 यात्री मिले।
चेकिंग के दौरान बस चालक वैध परमिट और टैक्स से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। परिवहन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बस का 1.34 लाख रुपये का चालान किया। इसके साथ ही वाहन को सीज कर रुद्रपुर बस स्टेशन में खड़ा करा दिया गया।
लालपुर क्षेत्र में ओवरलोड बसों के खिलाफ कार्रवाई का यह लगातार दूसरा मामला है। इससे एक रात पहले सोमवार को भी चेकिंग टीम ने लखीमपुर खीरी से लुधियाना जा रही एक ओवरलोड बस पकड़ी थी। लगातार दो रातों में क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर चल रही बसों के पकड़े जाने से निजी बसों के संचालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
रात के समय क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर निजी बसों के संचालन की शिकायतों को देखते हुए परिवहन विभाग और रोडवेज निगम ने निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार रात करीब एक बजे परिवहन कर अधिकारी जितेंद्र सिंगवान और एआरएम मधुसूदन मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालकर ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की कार्रवाई से ओवरलोड बस संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
