खबरें शेयर करें -

 

जजी परिसर में ‘ईंट-कांड’! ससुर ने दामाद का फोड़ा सिर, समधन भी घायल… काउंसलिंग बनी रणभूमि

दर्पण न्यूज़ 24×7 | हल्द्वानी
पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए अदालत में चल रही काउंसलिंग गुरुवार को अचानक जंग का मैदान बन गई। जजी परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और ससुर ने दामाद पर ईंट से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची समधन भी पिटाई से नहीं बच सकीं।

मामला हरिपुर पूर्णानंद गोरापड़ाव निवासी हेमंत कुमार, जो पेशे से चालक हैं, और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का है। पूजा पहले ही हेमंत पर दहेज उत्पीड़न सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करा चुकी हैं। इसी मामले में गुरुवार को दोनों पक्षों की दूसरी काउंसलिंग जजी परिसर में होनी थी।

काउंसलिंग के दौरान हेमंत ने अपनी चार वर्षीय बेटी का हालचाल ससुर चंदन लाल से पूछा तो माहौल बिगड़ गया। बातों-बातों में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। तभी गुस्साए ससुर ने पास रखी ईंट उठाई और दामाद पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। ईंट लगने से हेमंत का सिर फट गया और खून बहने लगा।

स्थिति इतनी बेकाबू हुई कि जब हेमंत की मां नीमा देवी बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ीं तो ससुर ने उनके हाथ में दांत काट लिया।

घायल हेमंत परिजन के साथ कोतवाली पहुंचे और ससुर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दर्पण न्यूज़ 24×7 लगातार अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड