गौ सेवा से जागृत होती है करुणा और आध्यात्मिक चेतना: आशीष गुप्ता!
स्व. रामदास अग्रवाल की जयंती पर गौशाला में सेवा कार्यक्रम, वैश्य समाज ने लिया सेवा व एकता का संकल्प।
दर्पण न्यूज 24/7 काशीपुर।
ऐतिहासिक चैती मेला परिसर स्थित मां बाल सुंदरी गौशाला में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की जिला इकाई द्वारा संस्थापक अध्यक्ष स्व. रामदास अग्रवाल की जयंती गौ सेवा के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर वैश्य समाज के लोगों ने गौशाला पहुंचकर गायों को चारा, गुड़ और फल खिलाए तथा गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. रामदास अग्रवाल के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि अग्रवाल ने अपने लगभग 50 वर्षों के जीवनकाल में वैश्य समाज को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म में गौ सेवा सर्वोच्च धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सेवा मानी जाती है। इससे व्यक्ति के भीतर निस्वार्थ प्रेम, करुणा और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भाव विकसित होता है। उन्होंने जीवन में सुख-समृद्धि और मानसिक शांति के लिए नियमित रूप से गौ सेवा करने का आह्वान किया।
वीर भूमि बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के एमडी राजीव गुप्ता ने कहा कि गौ माता की सेवा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और दिव्य आनंद प्राप्त करने का माध्यम है। उन्होंने सभी सनातनियों से गौ संरक्षण और सेवा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
अग्रवाल सभा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि सनातन परंपरा के अनुसार गौ माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए ऐसे आयोजनों के माध्यम से परंपराओं को जीवित रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष सुरेश गोयल ने समाज की एकता पर जोर देते हुए सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संरक्षक एसपी गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष कौशलेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता लोहिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
