हल्द्वानी में राशन कार्डधारकों पर संकट, आज ई-केवाईसी की अंतिम तारीख।
53% ही करा पाए सत्यापन, राहत के आदेश का इंतजार।
हल्द्वानी। जिले के राशन कार्डधारकों के लिए परेशानी बढ़ गई है। ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि आज समाप्त हो रही है, लेकिन अब तक केवल 53 फीसदी यूनिटों की ही ई-केवाईसी हो पाई है। समय रहते ई-केवाईसी नहीं कराने पर संबंधित यूनिट निरस्त की जा सकती है और राशन मिलने में दिक्कत आ सकती है।
केंद्र सरकार की ओर से लाल और सफेद राशन कार्डधारकों को मुफ्त तथा पीले कार्डधारकों को न्यूनतम दरों पर हर माह गेहूं और चावल उपलब्ध कराए जाते हैं। नवंबर माह से राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया चल रही है। पहले इसकी अंतिम तिथि एक दिसंबर निर्धारित थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 दिसंबर किया गया, बावजूद इसके प्रगति संतोषजनक नहीं रही।
पूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में करीब दो लाख राशन कार्ड हैं। इनमें कुल 9.50 लाख यूनिट शामिल हैं, जिनमें से अब तक केवल 4.99 लाख यूनिटों की ही ई-केवाईसी पूरी हो सकी है। घर बैठे ई-केवाईसी के लिए प्रस्तावित मोबाइल एप भी अभी तक शुरू नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीण और बुजुर्ग कार्डधारकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
पूर्ति विभाग के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी (एआरओ) विजय जोशी ने बताया कि ई-केवाईसी की अंतिम तिथि आज है, हालांकि सोमवार को इस संबंध में शासन स्तर से राहत मिलने की संभावना है।
37 हजार से अधिक कार्डों का सत्यापन जारी
वहीं केंद्र सरकार द्वारा जारी अपात्र राशन कार्डधारकों की सूची का सत्यापन कार्य भी जिले में चल रहा है। पूर्ति विभाग के अनुसार 37,080 राशन कार्डों का सत्यापन किया जाना है, जिस पर विभागीय टीमें लगातार काम कर रही हैं।
राशन कार्डधारकों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि राशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
