








आंगन में छिपी मौत ने छीन लिया परिवार का सहारा!
सर्पदंश के बाद उपचार के दौरान नारायण सिंह ने तोड़ा दम, परिवार में पसरा मातम!
कालाढूंगी। जिस आंगन में रोजमर्रा की जिंदगी हंसी-खुशी गुजरती थी, वहीं रविवार रात एक जहरीले सांप के डसने से नारायण सिंह की जिंदगी थम गई। सर्पदंश के बाद परिजनों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की और गंभीर हालत में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मंगलवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और वार्ड नंबर छह समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर छह निवासी नारायण सिंह रविवार रात अपने घर के आंगन में थे। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज से नारायण ठीक होकर घर लौट आएंगे, लेकिन मंगलवार को जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में वह हार गए।
नारायण सिंह के निधन की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची, उनके परिचितों और शुभचिंतकों में शोक छा गया। मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के नारायण की अचानक मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। किसी ने नहीं सोचा था कि घर के आंगन में हुई एक छोटी-सी घटना परिवार के लिए इतनी बड़ी त्रासदी बन जाएगी।
उनके आकस्मिक निधन पर नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा, पूर्व अध्यक्ष पुष्कर कत्यूरा, आन सिंह गैड़ा, ललित मोहन बधानी, गोधन सैनी, लक्ष्मण सिंह देऊपा, मोहन सिंह खोलिया, मनोज अधिकारी समेत अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
एक जहरीले सांप के डसने से शुरू हुई घटना ने मंगलवार को एक परिवार से उसका अपना छीन लिया। पीछे रह गया तो सिर्फ यादों का सहारा और अपनों की आंखों में आंसू।
