खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी में सिस्टम की लापरवाही से मासूम की मौत।
खुले गड्ढे से बचने में फिसली बाइक, 13 वर्षीय किशोर मिक्सर ट्रक के नीचे कुचला।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।
शहर की बदहाल सड़कों और जिम्मेदार तंत्र की लापरवाही ने एक बार फिर एक मासूम की जान ले ली। मुखानी स्थित नहर कवरिंग रोड पर खुले गड्ढों से बचने की कोशिश में बाइक फिसल गई, जिससे 13 वर्षीय किशोर मिक्सर ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक अनदेखी का नतीजा बताया जा रहा है।
सोमवार शाम मुखानी चौराहे से पनचक्की की ओर जा रहे दो सगे भाई इस हादसे का शिकार हो गए। बरेली निवासी गौरीलाल का बड़ा बेटा ललित बाइक चला रहा था, जबकि पीछे 13 वर्षीय अर्जुन बैठा था। जैसे ही दोनों जगदंबा नगर स्थित मंदिर के पास पहुंचे, सड़क पर निर्माण एजेंसी द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और फिसल गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रक के नीचे गिरने से अर्जुन को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बड़ा भाई ललित घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि शहर में सीवर लाइन और अन्य निर्माण कार्यों के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। न तो गड्ढों पर बैरिकेडिंग है और न ही चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने निर्माण एजेंसी और नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की हालत नहीं सुधारी गई। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन लोगों का सवाल है कि आखिर इस मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन है—ट्रक चालक, निर्माण एजेंसी या वह सिस्टम, जो हादसों के बाद ही जागता है।
यह घटना एक बार फिर हल्द्वानी की सड़कों की हकीकत बयां करती है, जहां गड्ढे नहीं बल्कि मौत बिछी हुई है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करता है।

उत्तराखंड