रामकथा पार्क में बन रहा आधुनिक पर्यटक आवास गृह, अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर ठहरने की सुविधा!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या में तेजी से विकसित हो रही पर्यटन सुविधाओं के बीच अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक और बड़ी सौगात तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में रामकथा पार्क परिसर में आधुनिक पर्यटक आवास गृह (गेस्ट हाउस) का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। बढ़ती आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना की शुरुआत की गई है, ताकि आगंतुकों को ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप सुविधाजनक और व्यवस्थित ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
निर्माणाधीन यह आवास गृह जी+3 मंजिला आधुनिक भवन होगा, जिसमें कुल 34 सुसज्जित कमरे तैयार किए जा रहे हैं। यहां ठहरने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 2421.08 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की देखरेख में किया जा रहा है, जबकि पीपीई मॉडल के तहत देश की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड द्वारा इसका कार्यान्वयन किया जा रहा है।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि यह नया आवास गृह न केवल श्रद्धालुओं को किफायती ठहराव उपलब्ध कराएगा, बल्कि अयोध्या धाम में धार्मिक पर्यटन को भी नई मजबूती देगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
रामकथा पार्क पहले से ही रामायण कालीन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला प्रमुख आकर्षण केंद्र है। अब आधुनिक पर्यटक आवास गृह के निर्माण से यह क्षेत्र श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुविधाजनक एवं आकर्षक बन जाएगा।
