खबरें शेयर करें -

मेरठ को मिली रफ्तार की नई पहचान : पीएम मोदी ने किया दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल व मेरठ मेट्रो का भव्य लोकार्पण!
दर्पण न्यूज 24/7 |
मेरठ। देश के आधुनिक परिवहन इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल के संपूर्ण कॉरिडोर तथा मेरठ मेट्रो परियोजना का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में आयोजित कार्यक्रम में भारी जनसमूह मौजूद रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को नए और आधुनिक भारत का शिल्पी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन की सराहना आज वैश्विक स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली देश के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री स्वयं देशभर की विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हैं, जो सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मेरठ-दिल्ली सफर अब आसान!
सीएम योगी ने कहा कि एक समय मेरठ से दिल्ली की यात्रा लोगों के लिए बड़ी चुनौती हुआ करती थी, जिसमें चार से पांच घंटे तक का समय लग जाता था और जाम आम समस्या थी। लेकिन अब एक्सप्रेसवे और नमो भारत रैपिड रेल जैसी आधुनिक परियोजनाओं के कारण मेरठ से दिल्ली की दूरी मात्र 45 से 50 मिनट में तय की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि होली से पहले नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का यह उपहार प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए विकास की नई गति का प्रतीक है। यह परियोजना भारत की बढ़ती आर्थिक और तकनीकी शक्ति को दर्शाती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया तथा इस परियोजना को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।
दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड