








नगर पालिका के हस्तक्षेप से ठप हुई जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता, खिलाड़ियों में भारी निराशा!
दर्पण न्यूज 24/7
नैनीताल।
जिला खेल कार्यालय हल्द्वानी (नैनीताल) एवं जिला प्रशासन नैनीताल के संयुक्त निर्देशन में 27 जनवरी 2026 से पलैट्स मैदान, मल्लीताल में प्रस्तावित जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता उस समय बाधित हो गई जब नगर पालिका अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में कुछ लोगों ने पिच पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।
खेल विभाग द्वारा प्रतियोगिता हेतु “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर 32 टीमों का पंजीकरण किया गया था। यह प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क थी, जिसके लिए 17 जनवरी को विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञप्ति प्रकाशित कर 24 जनवरी सायं 5 बजे तक पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। विभाग द्वारा पिछले लगभग 20 दिनों से पिच निर्माण कार्य कराया जा रहा था तथा टीमों के ड्रॉ सहित समस्त तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई थीं।
आज प्रतियोगिता का पहला मुकाबला नेक्सस बनाम नैनीताल जाइंट्स के मध्य खेला जाना था। प्रातः 8:30 बजे जब खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं खिलाड़ी मैदान पर मैट बिछाने पहुँचे, तभी नगर पालिका अध्यक्ष एवं उनके साथ आए लगभग 50 से अधिक व्यक्तियों ने पिच पर आधी क्रिकेट मैट बिछाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और खेल विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा जिला क्रीड़ा अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया।
इस घटना से विभागीय खेल आयोजन में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई। मामले की लिखित शिकायत प्रभारी निरीक्षक थाना मल्लीताल को दी गई है। मैच न हो पाने के कारण मैदान पर पहुँची टीमों के खिलाड़ी अत्यधिक हताश एवं निराश दिखाई दिए, जिससे क्रिकेट खेल एवं खिलाड़ियों की भावनाएँ आहत हुई हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता की नई तिथि एवं समय की सूचना प्रतिभागी टीमों को शीघ्र दी जाएगी।
