खबरें शेयर करें -

डोली रेंज बना वन तस्करों का सुरक्षित ठिकाना? बेशकीमती सागौन तस्करी की चर्चाओं से मचा हड़कंप!
पिकअप पकड़े जाने की चर्चा, जिम्मेदार अधिकारी साधे हुए हैं चुप्पी!फोन तक नहीं उठा रहे अधिकारी।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं!
तराई पूर्वी वन प्रभाग का डोली रेंज इन दिनों एक बार फिर संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। क्षेत्र में बेशकीमती सागौन की लकड़ी की तस्करी का मामला प्रकाश में आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सूत्रों की मानें तो सागौन तस्करी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक पिकअप वाहन में बेशकीमती लकड़ी के पकड़े जाने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि डोली रेंज पहले भी लकड़ी माफियाओं की सक्रियता को लेकर सुर्खियों में रहा है। बावजूद इसके, तस्करी पर प्रभावी अंकुश न लग पाना कई सवाल खड़े करता है। क्षेत्र में सक्रिय वन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद बताए जा रहे हैं कि वे बेखौफ होकर बेशकीमती लकड़ी की तस्करी को अंजाम दे रहे हैं।
मामले की पुष्टि और आधिकारिक पक्ष जानने के लिए जब प्रभागीय वनाधिकारी  और उप प्रभागीय वनाधिकारी  से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझा। जिम्मेदार अधिकारियों की यह चुप्पी संदेह को और गहरा कर रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर डोली रेंज में बार-बार सामने आ रहे तस्करी के मामलों पर ठोस कार्रवाई कब होगी? क्या वन विभाग इस पूरे मामले में पारदर्शिता बरतते हुए सच्चाई सामने लाएगा, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?

उत्तराखंड