खबरें शेयर करें -

ड्रेस मिली, बच्ची नहीं… देर शाम तक पुलिस खाली हाथ!
डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक, सर्विलांस सब लगे, लेकिन 15 साल की छात्रा का सुराग नहीं; औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल!
लालकुआं | दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
मोटाहल्दू में 15 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला गुरुवार देर शाम तक और उलझता चला गया। दिनभर चली पुलिस की सघन कार्रवाई, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक जांच के बावजूद पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा। झाड़ियों में मिली छात्रा की स्कूल ड्रेस ने सनसनी जरूर फैलाई, लेकिन छात्रा का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक हाल निवाशी मिनी औद्योगिक अस्थान मोटाहल्दू मूल निवासी शक्तिफार्म  सतीश उपाध्याय की पुत्री ललिता (15) रोज की तरह स्कूल गई थी। दोपहर करीब 2:05 बजे छुट्टी के बाद वह सहेली के साथ घर के लिए निकली, लेकिन रास्ते में अलग होने के बाद ललिता रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। तय समय पर घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
मामला तब और गंभीर हो गया जब मदरसन कंपनी के पास टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली खाली जमीन में घनी झाड़ियों के बीच छात्रा की सलवार-कमीज बरामद हुई। सूचना फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी क्राइम जगदीश चंद, सीओ अमित सैनी, कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा समेत कई टीमें जांच में जुटीं। डॉग स्क्वॉड को मौके पर लाया गया, जिसने कपड़ों से गंध लेकर स्कूल तक ट्रैक किया, लेकिन उसके बाद कोई दिशा नहीं मिल सकी।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि सर्विलांस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। हालांकि कई कैमरे बंद या खराब मिलने से जांच की रफ्तार थम गई। उपलब्ध फुटेज में छात्रा कपड़े मिलने की जगह से कुछ दूरी पहले तक ही दिखाई दे रही है।
जांच के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में लगे कई सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए। ऐसे में सबसे अहम कड़ी ही कमजोर साबित हो रही है। पुलिस अब निजी प्रतिष्ठानों और रास्तों के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
घटना के बाद मोटाहल्दू और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुनसान इलाके, बिना सत्यापन बाहरी लोगों की मौजूदगी और खाली पड़ी जमीनों में उगी झाड़ियां अपराध को बढ़ावा दे रही हैं।
एसपी सिटी क्राइम जगदीश चंद ने कहा कि छात्रा की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और प्राथमिकता छात्रा की सुरक्षित बरामदगी है।
दिनभर की मशक्कत के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। झाड़ियों में मिली ड्रेस कई आशंकाओं को जन्म दे रही है क्या यह किसी वारदात का संकेत है या मामला कुछ और है?
फिलहाल मोटाहल्दू की यह गुत्थी सुलझने के बजाय और उलझती नजर आ रही है। पूरे क्षेत्र की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

उत्तराखंड