गदरपुर में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबार, एसटीएफ की छापेमारी में भारी खेप बरामद!
दर्पण न्यूज 24/7 गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुमाऊं यूनिट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गदरपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध नशीली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल, गोलियां और कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद करते हुए मेडिकल स्टोर स्वामी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखण्ड को ड्रग्स फ्री बनाने के अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर एवं स्थानीय पुलिस के साथ सोमवार को कोतवाली गदरपुर क्षेत्र स्थित कुमार मेडिकल हॉल में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से 9416 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, 1300 अल्प्राजोलम टैबलेट तथा 51 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद दवाएं व्यावसायिक मात्रा में पाई गईं, जिसके आधार पर मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार (53) निवासी वार्ड नंबर-01 गदरपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक राज्य में नशीली दवाओं की यह सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को दें। उन्होंने कहा कि ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
संयुक्त टीम में शामिल रहे अधिकारी
एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, कृष्ण गोपाल मठपाल, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, टेक्निकल हैंड किशन चंद्र, ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा तथा कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
