








लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए सरगर्मियां तेज, दिनेश लोहनी ने ठोकी ताल!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। आगामी अप्रैल माह में होने वाले प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, लालकुआं नगर इकाई के चुनाव को लेकर बाजार में चुनावी माहौल गरमाने लगा है। राजनीतिक दलों के साथ-साथ संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारों के बीच बैठकों और जनसंपर्क का दौर लगातार जारी है।
व्यापारियों के वोट साधने के लिए प्रत्याशी अभी से उनकी समस्याओं को प्राथमिकता देने का दावा कर रहे हैं। कुछ उम्मीदवार पूरी तरह मैदान में उतर चुके हैं, जबकि कुछ अब भी स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं। चर्चाओं के अनुसार, इस बार अध्यक्ष पद के लिए करीब आधा दर्जन दावेदार मैदान में उतर सकते हैं।
इसी कड़ी में नगर व्यापार मंडल के तेजतर्रार महामंत्री दिनेश लोहनी ने भी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोहनी ने कहा कि वे पिछले सात वर्षों से महामंत्री पद पर रहते हुए व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर वे हमेशा मुखर रहे हैं और हर परिस्थिति में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। लोहनी ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में नगर के व्यापारी उन्हें समर्थन देकर सेवा का अवसर देंगे और भारी मतों से विजयी बनाएंगे।
