अवैध शराब के खिलाफ आबकारी का बड़ा एक्शन!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ/हल्द्वानी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी कर 109 पव्वे देसी-विदेशी शराब और बियर बरामद की है। इस कार्रवाई को आबकारी विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आबकारी विभाग को लंबे समय से हल्द्वानी और लालकुआँ क्षेत्र के बिंदुखत्ता, कुलयालपुर, लालडांठ रोड, चोरगलिया और लामाचौर इलाकों से अवैध शराब की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने संदिग्ध स्थानों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। इस मामले में आरोपी राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह के सख्त अभियान जारी रहेंगे।
कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट, उप निरीक्षक रुचिका कांडपाल, कैलाश जोशी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
