बीमा कंपनी की मनमानी से भड़के किसान, धारी में किया जबरदस्त प्रदर्शन।
एसडीएम के आश्वासन के बाद खत्म किया धरना।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता, भीमताल।
बीमा कंपनियों की कथित मनमानी और शोषण के खिलाफ धारी ब्लॉक के किसानों ने बुधवार को तहसील मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज किसानों ने धरना देकर बीमा कंपनी पर धोखाधड़ी और कम बीमा रकम देने का गंभीर आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि उन्हें बेहद कम राशि का भुगतान किया जा रहा है, जो सरासर अन्याय है। उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द सही क्लेम नहीं मिला तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
कांग्रेस पीसीसी सदस्य एवं क्षेत्र के काश्तकार गोपाल बिष्ट ने कहा कि धारी क्षेत्र जिले का सबसे बड़ा आलू उत्पादक क्षेत्र है। यहां किसान फसल चक्र के अनुसार सेब, आलू, प्लम और मटर आदि का बीमा कराते हैं। इसके बावजूद किसानों को बीमा क्लेम के नाम पर जमा प्रीमियम का चौथा हिस्सा ही लौटाया गया है, जबकि बेतालघाट में छह गुना और ओखलकांडा में साढ़े चार गुना भुगतान किया गया है। उन्होंने इसे धारी और भीमताल क्षेत्र के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार बताया।
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद एसडीएम अंशुल भट्ट के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू, नरीराम, उमेद सिंह, प्रकाश चंद्र, गौरव सिंह बिष्ट, दीवान सिंह, सुरेंद्र बिष्ट, देवकी देवी, सुजल आर्या सहित धारी ब्लॉक के सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
