खबरें शेयर करें -

पट्टी इंडियाकोट मल्ला भातृ मंडल समिति का प्रथम अधिवेशन सम्पन्न, 10 सदस्यीय संयोजक मंडल गठित!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून, 5 अप्रैल 2026।
जनपद पौड़ी गढ़वाल की पट्टी इंडियाकोट “इंडियासीर मल्ला” की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सरोकारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गठित मल्ला भातृ मंडल समिति देहरादून (संस्कृति एवं सरोकार मंच) का प्रथम अधिवेशन रविवार को यमुना कॉलोनी स्थित सिंचाई विभाग भवन में संपन्न हुआ।
अधिवेशन में समिति की कार्यकारिणी के विधिवत गठन के लिए 10 सदस्यीय संयोजक मंडल का सर्वसम्मति से चयन किया गया। संयोजक मंडल में गबर सिंह रावत, वी.ए. नेत्री, मनवर सिंह क्षेत्री, कुलदीप सिंह नेगी, सेवान सिंह नेगी, सुनील सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह नेगी, अर्जुन सिंह, देवेंद्र केत और सुंदर सिंह रावत को शामिल किया गया है।
बताया गया कि शीघ्र ही एक सार्वजनिक बैठक आयोजित कर पूर्ण कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिसके लिए भुक्त दर्शन सिंह नेगी को अधिकृत किया गया है।
अधिवेशन में पूर्व पार्षद सुमित्रा ध्यानी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने भागीदारी की। इस दौरान क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए मूल निवास लागू करने, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों पर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।
इसके अलावा रोजगार, पलायन, वन्यजीवों के हमलों की बढ़ती घटनाएं, खराब सड़कें, संचार व स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, तथा उच्च व तकनीकी शिक्षा सुविधाओं के अभाव जैसे मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
बैठक की अध्यक्षता गबर सिंह रावत ने की, जबकि संचालन वी.ए. नेत्री द्वारा किया गया। अंत में अध्यक्ष ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
— संवाददाता दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड