चलती कार में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, सिडकुल जाते वक्त दिया वारदात को अंजाम!
उधम सिंह नगर में दरिंदगी से दहला उत्तराखंड, महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक बेहद गंभीर और मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सिडकुल में ड्यूटी पर जा रही एक युवती के साथ चलती कार में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता की शिकायत पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 25 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। शिव मंदिर के पास ऑटो का इंतजार करने के बाद जब काफी देर तक कोई साधन नहीं मिला तो वह पैदल ही रविदास मंदिर होते हुए अटरिया रोड की ओर बढ़ने लगी। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार में सवार दो युवकों ने उसे सिडकुल छोड़ने का झांसा दिया, जिस पर वह उनकी बातों में आकर गाड़ी में बैठ गई।
युवती का आरोप है कि आरोपी उसे सीधे फैक्ट्री न ले जाकर सिडकुल क्षेत्र में इधर-उधर घुमाते रहे। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने चलती कार में पीछे की सीट पर आकर उसके साथ छेड़छाड़ की और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे सिडकुल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद सदमे में आई युवती किसी तरह ट्रांजिट कैंप थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को बताई। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे अहम सुराग हाथ लगे। इन साक्ष्यों के आधार पर 27 जनवरी की रात ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने परशुराम चौक से सिडकुल की ओर जाने वाली सड़क पर एक फैक्ट्री के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। देहरादून के बाद अब रुद्रपुर, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों से लेकर पहाड़ी जिलों तक ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। उन्होंने सरकार से महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और उसे काउंसलिंग समेत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
