दर्पण न्यूज 24/7 विशेष
रुद्रपुर वन क्षेत्र में रहस्यमयी मौत! तिलपुरी जंगल में मृत मिला विशालकाय हाथी, वन विभाग में मचा हड़कंप
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो रुद्रपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर डिवीजन की पीपल पड़ाव रेंज अंतर्गत तिलपुरी गांव (डाम अंदर क्षेत्र) में एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगल के बीच मृत अवस्था में हाथी मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद वन विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरते हुए जांच अभियान शुरू कर दिया। गदरपुर क्षेत्र के इस संवेदनशील वन क्षेत्र में हाथी का शव मिलने से विभागीय अधिकारियों में भी खलबली मच गई।
सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी पुरनचंद जोशी एवं एसडीओ शशि देव सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का गहन निरीक्षण किया। वन विभाग ने तत्काल इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है। वन विभाग द्वारा हाथी का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
डीएफओ रुद्रपुर उमेश चंद तिवारी ने बताया कि विभाग हर संभावित पहलू—बीमारी, आपसी संघर्ष, करंट, जहर या मानव हस्तक्षेप—को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है।
घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र की ओर अनावश्यक आवाजाही से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल मौके पर विभागीय टीम तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
बड़ा सवाल:
क्या यह प्राकृतिक मौत है या वन्यजीव सुरक्षा में बड़ी लापरवाही?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब पूरे मामले की सच्चाई उजागर करेगी।
