लोक-संस्कृति से लेकर स्टार नाइट तक गूंजा नैनीताल
विंटर कार्निवाल के द्वितीय दिवस पर संगीत, उत्साह और पर्यटन का भव्य संगम**
नैनीताल (दर्पण न्यूज 247)।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा शीतकालीन पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने एवं स्थानीय संस्कृति, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से नैनीताल में 22 से 26 दिसंबर तक आयोजित विंटर कार्निवाल के अंतर्गत बुधवार को द्वितीय दिवस पर भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।
लोक एवं आधुनिक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने न केवल स्थानीय नागरिकों, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। पहाड़ की सांस्कृतिक खुशबू और आधुनिक संगीत के संगम ने पूरे नैनीताल को उत्सवमय वातावरण से भर दिया, जहाँ दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए।
सांस्कृतिक संध्या में माननीय उच्च न्यायालय के विभिन्न न्यायाधीशों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल द्वारा अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकार गिरीश बरगली, इंदर आर्या एवं किसन महिपाल ने पारंपरिक लोकगीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं, वहीं पंकज जीना की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
उत्तराखण्ड के लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन ने कुमाऊँनी एवं हिन्दी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया।
स्टार नाइट में सुप्रसिद्ध पंजाबी-बॉलीवुड गायक बी प्राक की सशक्त और भावनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को चरम पर पहुँचा दिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति पर युवा वर्ग खासा उत्साहित दिखा और पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
धामी सरकार की यह पहल न केवल स्थानीय एवं राष्ट्रीय कलाकारों को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान देने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक दूरदर्शी प्रयास साबित हो रही है।
विंटर कार्निवाल के माध्यम से नैनीताल निरंतर पर्यटन, संस्कृति और उत्सवों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री शांति महरा, अध्यक्ष नगर पालिका सरस्वती खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, आयुक्त कुमाऊँ/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पर्यटक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।