








प्यूड़ा में खेल महाकुंभ का भव्य समापन, 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम!
68 प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग, 100 से अधिक खिलाड़ी विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए चयनित; योगिता, नवल, ध्रुवी और संजय ने जीतीं प्रमुख दौड़ें!
प्यूड़ा/रामगढ़। न्याय पंचायत प्यूड़ा के आरोही बाल संसार प्यूड़ा के क्रीड़ांगन में आयोजित दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ-2026 का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। 10 और 11 सितंबर को आयोजित खेल महाकुंभ में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
खेल महाकुंभ में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 300 प्रतिभागियों ने 68 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक खिलाड़ियों ने विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की है। चयनित खिलाड़ी 11 से 20 सितंबर के बीच विधानसभा भीमताल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग की 600 मीटर दौड़ में कु. योगिता कपिल और नवल नेगी ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में कु. ध्रुवी आर्या ने बाजी मारी, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में संजय जीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सतखोल अमित सिंह बिष्ट रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ संयोजक एवं प्रधानाचार्य अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सतखोल (प्यूड़ा) प्रकाश चंद्र जोशी तथा आयोजक एवं प्रधानाचार्य आरोही बाल संसार प्यूड़ा ब्रजेश सिंह के निर्देशन में किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य निर्णायक एवं सह संयोजक अमित कांडपाल, मंच संचालन एवं पुरस्कार वितरण में हेमंत कुमार पांडे, एथलेटिक्स के मुख्य निर्णायक दीपक पांडे सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फील्ड गतिविधियों में बलवंत सिंह, दीपक सिंह डंगवाल और विवेक कुमार ने जिम्मेदारी संभाली। नगद धनराशि पुरस्कार वितरण में विश्वनाथ अरोड़ा और पूजा बिष्ट का योगदान रहा। वहीं अभिलेखीकरण की जिम्मेदारी दीपिका, रानी नरेंद्र धामी, किशन लाल, बिंदेश्वरी लौडनी, राजेंद्र प्रसाद, जगदीश सिंह पटवाल, गीता उपाध्याय, हरीश चंद्र कबड़वाल सहित अन्य शिक्षकों ने निभाई।
समापन अवसर पर संयोजक प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र जोशी ने खेल महाकुंभ को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी निर्णायकों, शिक्षकों, आयोजकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधानसभा स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
दर्पण न्यूज 24/7
