खबरें शेयर करें -

किसान जसवंत की मौत के मामले में पुलिस की घोर लापरवाही! एसएसपी की कड़ी कार्रवाई—आईटीआई कोतवाली के थानाध्यक्ष निलंबित, पैगा चौकी का पूरा स्टाफ पुलिस लाइन भेजा गया।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो रूद्रपुर।
मृतक सुखवन्त सिंह पुत्र तेजा सिंह निवासी पैगा प्रकरण में पुलिस द्वारा बरती गई गंभीर लापरवाही और उदासीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए जनपद ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के तहत कोतवाली आईटीआई के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक ना०पु० कुन्दन सिंह रौतेला तथा उपनिरीक्षक ना०पु० प्रकाश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की है।
आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में दोनों अधिकारियों को नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। हालांकि, इसके लिए उन्हें यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि वे किसी अन्य सेवा, व्यवसाय या व्यापार में संलग्न नहीं हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों को पुलिस लाइन में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के साथ अपराध शाखा को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रकरण की गहन, विस्तृत और तथ्यात्मक प्रारंभिक जांच कर निर्धारित समय के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। वहीं क्षेत्राधिकारी काशीपुर को आदेशों की प्रतियां संबंधित अधिकारियों तक तुरंत पहुंचाकर प्राप्ति प्रमाण कार्यालय भेजने के लिए निर्देशित किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी पैगा, कोतवाली आईटीआई पर तैनात पूरे स्टाफ को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। लाइन हाजिर किए गए कर्मचारियों में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जीतेन्द्र कुमार सहित कुल 10 पुलिस कर्मी शामिल हैं। सभी को तत्काल पुलिस लाइन रूद्रपुर में आमद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की इस कड़ी कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आदेश ने साफ संदेश दिया है कि जनहित और संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या उदासीनता अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उत्तराखंड