

ग्राफिक एरा हल्द्वानी में ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स’ पर अतिथि व्याख्यान, छात्रों को बताए करियर के नए रास्ते!
सरकारी नौकरी, स्वरोजगार और बेवरेज इंडस्ट्री में अवसरों की मिली जानकारी!
हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी के हॉस्पिटैलिटी एवं मैनेजमेंट विभाग की ओर से ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स: करियर, सरकारी अवसर और उद्यमिता’ विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्थापक अधिकारी चंद्र शेखर लिंगवाल ने विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में सरकारी नौकरी, प्रशासनिक भूमिकाओं और स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया।
उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक होटल उद्योग से आगे बढ़कर करियर के नए विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के तहत मैथ्यू टेसेरे और पंकज ढोबाल ने बेवरेज मास्टरक्लास के माध्यम से आधुनिक मिक्सोलॉजी की जानकारी दी। वहीं, जीवन भट्ट के नेतृत्व में हिमालेह स्पिरिट्स ने ब्रांड ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को उद्योग की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया।
परिसर निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी का क्षेत्र अब होटलों तक सीमित नहीं है। क्रूज, एयरलाइंस, इवेंट मैनेजमेंट, सरकारी संस्थानों और उद्यमिता में भी व्यापक अवसर हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे। इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
