हल्द्वानी–हरिद्वार एलिवेटेड रोड को मिली मंजूरी |
लालकुआं बाईपास की डीपीआर प्रक्रिया शुरू।
हल्द्वानी।
हरिद्वार एलिवेटेड रोड और लालकुआं बाईपास परियोजना को मिली हरी झंडी, क्षेत्र में उत्साह
हल्द्वानी। नैनीताल–उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि हल्द्वानी से हरिद्वार तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही लालकुआं में बाईपास निर्माण का लंबे समय से अटका मामला भी अब आगे बढ़ चुका है और इसके लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है।
सांसद भट्ट ने बताया कि हल्द्वानी–हरिद्वार एलिवेटेड रोड के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने डीपीआर तैयार करने का कार्य आरंभ कर दिया है। डीपीआर पूरी होते ही इस परियोजना के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे दोनों ही परियोजनाओं को लेकर लगातार प्रयासरत थे, जिनका अब सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड बन जाने के बाद हल्द्वानी से हरिद्वार की यात्रा का समय आधे से भी कम रह जाएगा। वर्तमान समय की तुलना में यह दूरी महज दो से ढाई घंटे में तय की जा सकेगी। इससे यात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और कुमाऊं के पर्यटन, व्यापार एवं धार्मिक यात्रा से जुड़े क्षेत्रों को नया आयाम मिलेगा।
इधर लालकुआं नगर में प्रस्तावित बाईपास को भी मंजूरी मिल चुकी है। बाईपास बनने से नगरवासियों को जहां भारी यातायात दबाव से राहत मिलेगी, वहीं सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी आशंकाओं का समाधान भी हो जाएगा। नगर की मुख्य सड़कों पर यातायात सुगम होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। खासकर लालकुआं नगरवासियों में खुशी देखते ही बन रही है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि परियोजनाएँ पूर्ण होने पर कुमाऊं के विकास को नई रफ़्तार मिलेगी।
