खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी : सेवानिवृत्त एसडीओ पुरमल सिंह धर्मशक्तू की अंतिम इच्छा का सम्मान— डीएम ने रातों-रात पूरी कराई देहदान की प्रक्रिया।

हल्द्वानी। कमलुवागंजा निवासी और बीएसएनएल में एसडीओ पद से सेवानिवृत्त पुरमल सिंह धर्मशक्तू के निधन के बाद उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशील और त्वरित पहल की। सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित रहे धर्मशक्तू मूल रूप से मुनस्यारी के टिमटिया गांव के निवासी थे।

जीवनकाल में उन्होंने स्पष्ट इच्छा जताई थी कि उनके निधन के बाद उनकी देह को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों के लिए दान किया जाए। निधन के उपरांत उनके पुत्र कार्तिकेय सिंह इस इच्छा को पूरा करना चाहते थे, लेकिन कुछ आवश्यक दस्तावेज अधूरे होने के चलते प्रक्रिया अटक गई थी।

परिजन जब देर शाम इस विषय पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मिले तो डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने रातों-रात आवश्यक आदेश जारी करते हुए देहदान की अनुमति प्रदान की और मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सभी जरूरी निर्देश दिए।

इसके बाद मेडिकल कॉलेज द्वारा धर्मशक्तू की पार्थिव देह को सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हुए उसे शैक्षणिक व शोध कार्यों हेतु संरक्षित किया गया।

धर्मशक्तू के देहदान को समाज में एक प्रेरक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है, जिसने मृत्यु के बाद भी मानव सेवा की अमिट मिसाल छोड़ दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड