खबरें शेयर करें -

नैनीताल विंटर कार्निवाल की सांस्कृतिक संध्या में बिखरे लोकसंस्कृति के रंग, कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे दर्शक।
नैनीताल।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने एवं स्थानीय संस्कृति, लोककला और विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से नैनीताल में 22 से 26 दिसंबर, 2025 तक आयोजित विंटर कार्निवाल के अंतर्गत मंगलवार सांयकाल भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य मंच पर दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर सांसद नैनीताल-उधमसिंह नगर श्री अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम के सफल आयोजन की कामना की।
सांस्कृतिक संध्या में वंदना एवं स्वागत गीत के साथ कुमाऊनी और गढ़वाली लोकगीतों, पारंपरिक नृत्यों तथा हिंदी, पंजाबी एवं आधुनिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। पहाड़ की सांस्कृतिक धरोहर से ओत-प्रोत कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और देर रात तक पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा। स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों एवं युवाओं की भारी सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़ना ही पहाड़ की पहचान को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। विधायक सरिता आर्या, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी अपने संबोधन में विंटर कार्निवाल की सराहना करते हुए इसे पर्यटन संवर्धन और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
स्टार नाइट में सुप्रसिद्ध लोक एवं बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, राकेश खनवाल, नीरज मिश्रा एवं चारु सेमवाल की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक खूब थिरके, जबकि पंजाबी-बॉलीवुड कलाकार परमिश वर्मा की ऊर्जावान प्रस्तुति ने युवाओं में विशेष उत्साह भर दिया।
धामी सरकार की यह पहल न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान देने, युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में सशक्त प्रयास साबित हो रही है। विंटर कार्निवाल के माध्यम से नैनीताल एक बार फिर संस्कृति, पर्यटन और उत्सवों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उत्तराखंड