जंगली हाथियों की बढ़ती दहशत पर सख्त रुख—किसानों को मिली बड़ी राहत, सांसद अजय भट्ट ने फेंसिंग तुरंत दुरुस्त करने के दिए आदेश ।
हल्द्वानी।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में किसानों की समस्या सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी। दिशा के निदेशक नंदन गोस्वामी ने बैठक में बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों और लैपर्ड की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वन निगम के ठेकेदारों ने लकड़ी ढुलाई के दौरान कई जगहों पर सोलर फेंसिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया था और महीनों से इसे दुरुस्त नहीं किया गया, जिसके चलते ग्रामीण शाम ढलते ही दहशत में रहते हैं।
इस पर प्रभागीय वनाधिकारी ने स्वीकार किया कि फेंसिंग क्षतिग्रस्त है और आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया जाएगा, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सांसद भट्ट का निर्देश—सभी योजनाएं तय समय और गुणवत्ता के साथ पूरी हों
सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित बैठक में सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि दिशा बैठकों की केंद्र से मॉनिटरिंग होती है, इसलिए अधिकारी जिम्मेदारी से कार्य करें। पीएमजीएसवाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि सिंचाई योजना, समग्र शिक्षा, मातृ वंदना, पीएम मत्स्य योजना और पीएम सूर्य घर जैसे कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जलजीवन मिशन पर गहरी नाराज़गी—“लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी”
भीमताल ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि कई गांवों में नल तो लगा दिए गए, पर पानी नहीं आता। कुछ स्थानों पर बिना स्रोत वाले क्षेत्रों में भी कनेक्शन लगा दिए गए।
इस पर सांसद भट्ट ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष बैठक बुलाने और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।
हल्द्वानी ब्लॉक प्रमुख ने जेजेएम के कारण शहर में सड़कों के खोदे जाने और आवागमन बाधित होने की समस्या उठाई। विभाग ने बताया कि सड़क मरम्मत हेतु जारी धनराशि के बाद टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और मरम्मत जल्द शुरू होगी।
चिकित्सकों की कमी—विशेषज्ञ डॉक्टरों की रोटेशनल तैनाती के निर्देश।
सांसद भट्ट ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टरों की भारी कमी दूर करने के लिए तत्काल नए प्रस्ताव भेजे जाएं और विशेषज्ञ डॉक्टरों को सप्ताह में एक दिन दूरस्थ क्षेत्रों में रोटेशनल ड्यूटी पर भेजा जाए।
भवन मानचित्र स्वीकृति में तेजी—नियमित कैंप लगाने के आदेश।
जिला विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान सांसद ने आमजन को भवन मानचित्र स्वीकृति में राहत देने के लिए नियमित कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।
मरम्मत कार्य का सत्यापन न होने पर नाराज़गी—जांच के आदेश।
भीमताल ब्लॉक भवन में वर्षाकाल में रिसाव की शिकायत पर हुई मरम्मत का सत्यापन न होने पर सांसद ने नाखुशी जताई और तत्काल जांच करने को कहा।
BSNL को निर्देश—ओखलकांडा में मौके पर जाकर नेटवर्क दिक्कत दूर करें
BSNL अधिकारियों ने बताया कि 90% क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या ठीक कर दी गई है। ओखलकांडा में शिकायत आने पर सांसद ने टीम भेजकर तुरंत समाधान करने को कहा।
स्कूल ध्वस्तीकरण के बाद कार्रवाई न होने पर शिक्षा विभाग को फटकार
डॉनपरेबा में ध्वस्त विद्यालय भवन के एक वर्ष बाद भी कार्य न शुरू होने पर सांसद ने खंड शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा।
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का काम 50% पूरा।
हल्दूचौड़ हाथी प्रभावित क्षेत्र की सोलर फेंसिंग तुरंत सुधरेगी।
सिंचाई विभाग ने बताया कि 32 करोड़ का कार्य 50% पूरा हो चुका है।
किसानों की सुरक्षा को देखते हुए सांसद भट्ट ने मोतीनगर व हरिपुर बच्ची में क्षतिग्रस्त फेंसिंग को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए।
