








देशभक्ति के रंग में रंगा मां गायत्री फाउंडेशन का स्वतंत्रता दिवस समारोह।
बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता रिम्पी बिष्ट।
हल्द्वानी! स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मां गायत्री फाउंडेशन, हल्द्वानी की ओर से देशभक्ति और सामाजिक एकता से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि जीवन सिंह कार्की ने ध्वजारोहण कर किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने देशप्रेम, आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। बच्चों के शानदार प्रदर्शन पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि जीवन सिंह कार्की ने कहा कि देश की मजबूती आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता में निहित है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल के उत्तराखंड प्रभारी अतुल गुप्ता, राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय संगठन की क्षेत्रीय वाहिका नीमा अग्रवाल, डॉ. सुभाष चंद्रा, लक्षिता, गिरीश केसरवानी, भोला केसरवानी, मनोहर केसरवानी, मंजू केसरवानी, गीतू केसरवानी और अवधेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मां गायत्री फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष शशि द्विवेदी ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था पिछले 17 वर्षों से गरीब, जरूरतमंद, असहाय और वंचित बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बच्चों को शिक्षा, संस्कार, प्रतिभा प्रदर्शन और सामाजिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराकर उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह भी इसी उद्देश्य की महत्वपूर्ण कड़ी है, ताकि जरूरतमंद और वंचित बच्चे स्वयं को समाज से अलग न समझें, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और उनके भीतर देश के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।
बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन रिम्पी बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश, सचिव अंकित द्विवेदी, जय प्रकाश तिवारी, रंजन चतुर्वेदी, शालिनी द्विवेदी, कामिनी पाल, आशा मनराल, क्रांति वर्मा, हिमानी सनवाल, डॉली, कमला वरियल, मीना पाठक, दिनेश पाठक सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर भविष्य देने के संकल्प के साथ हुआ।
