खबरें शेयर करें -

श्रद्धालुओं की भीड़ से जाम-जाम हुआ जागेश्वर धाम, आधे घंटे तक फंसी रही शवयात्रा!
शटल सेवा बंद होने से बिगड़ी व्यवस्था, पुलिस-होमगार्ड ने मशक्कत कर खुलवाया रास्ता
दर्पण न्यूज 24 /7 अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में पर्यटन और तीर्थाटन सीजन शुरू होते ही यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ और नियमित शटल सेवा शुरू न होने से सोमवार को धाम क्षेत्र में भीषण जाम लग गया। हालात इतने बिगड़ गए कि भैसियाछाना क्षेत्र के कांचुला गांव से आई एक शवयात्रा भी करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रही। बाद में पुलिस और होमगार्ड जवानों ने कड़ी मशक्कत कर रास्ता खुलवाया।
सोमवार दोपहर श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ने से साधन सहकारी समिति से विनायक पुल तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। शवयात्रा के जाम में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और किसी तरह वाहनों को हटाकर अंतिम यात्रा के लिए रास्ता बनाया गया।
बताया जा रहा है कि पिछले वर्षों में 15 मई से आरतोला से नियमित शटल सेवा शुरू कर दी जाती थी, जिससे धाम क्षेत्र में वाहनों का दबाव नियंत्रित रहता था। लेकिन इस बार अब तक नियमित शटल सेवा शुरू नहीं हो सकी है। केवल शनिवार और रविवार को ही सीमित अवधि के लिए शटल सेवा चलाई जा रही है। वीकेंड पर अल्मोड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था, लेकिन रविवार शाम फोर्स के लौटते ही सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई।
स्थिति यह रही कि विनायक पुल से लेकर हर्बल गार्डन तक सड़क के दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लगा रहा। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को विनायक पुल के ऊपर की ओर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। दिन भर श्रद्धालु जाम में फंसे रहे और धाम क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्थाएं अब भी पुराने ढर्रे पर चल रही हैं। समय रहते नियमित शटल सेवा शुरू नहीं होने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात न किए जाने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमित शटल सेवा संचालन के लिए उच्चाधिकारियों से आदेश मिलने का इंतजार किया जा रहा है। आदेश मिलते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी।

उत्तराखंड