खबरें शेयर करें -

भूमि विवाद कवरेज करने पहुंचे पत्रकार को मिली जान से मारने की धमकी, सुरक्षा की मांग!

दर्पण न्यूज 24/7 सोमेश्वर (अल्मोड़ा)

भूमि विवाद की खबर कवर करने पहुंचे एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर निवासी पत्रकार नरेंद्र मोहन नयाल ने थाना सोमेश्वर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर में नयाल ने बताया कि वह ग्राम भवरी में चल रहे एक भूमि विवाद के मामले की जानकारी लेने घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद भूमि खरीदार रवि शर्मा और उनकी पत्नी निधि सिंघल से बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें धमकाते हुए कहा गया, “तुम्हें देख लूंगी और निबटा दूंगी,” साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पत्रकार ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि इस घटना से वह और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।