खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज़ 24×7
मुख्यमंत्री धामी ने 178 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले—“ईमानदारी व समर्पण से उत्तराखंड को बनाएँ अग्रणी राज्य”

देहरादून, 27 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लोक सेवा आयोग से चयनित अर्थ एवं संख्या, कृषि, उद्यान तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 178 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में अर्थ एवं संख्या विभाग के 117, कृषि विभाग के 12, उद्यान विभाग के 30 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 19 अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर प्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प को मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध आँकड़े किसी भी योजना के निर्माण, क्रियान्वयन और मूल्यांकन की रीढ़ होते हैं। राज्य में डेटा संग्रह और विश्लेषण का नोडल विभाग होने के कारण सहायक सांख्यिकी अधिकारियों पर सरकार की नीतियों के प्रभाव का सटीक आकलन कर पारदर्शी फीडबैक देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी नौकरियाँ प्रदान की गई हैं, जो राज्य गठन के बाद की पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुने से अधिक हैं।

उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता स्थापित हुई है।

सीएम धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, नई स्टार्टअप नीति, पर्यटन नीति, कृषि–उद्यान योजनाओं और होम-स्टे मॉडल के माध्यम से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिसके चलते रिवर्स माइग्रेशन के आंकड़ों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।

कार्यक्रम में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक भरत चौधरी, सविता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड