चोरगलिया थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप, कार्रवाई न हुई तो सुबह 10 बजे से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। चोरगलिया थाने के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी डॉ मुकेश बेलवाल ने सोशल मीडिया पर तीखी पोस्ट साझा की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 10 बजे तक थानाध्यक्ष के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने समर्थकों और क्षेत्रवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
डॉ मुकेश बेलवाल ने आरोप लगाया कि उनके भतीजे दीपक बेलवाल के सड़क हादसे के मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए जब वे थाने पहुंचे तो रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन पर दूसरे पक्ष से समझौते का दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि चौकी कुंवरपुर में दोनों पक्षों के बीच पहले ही बातचीत हो चुकी थी, लेकिन दूसरा पक्ष वाहन की मरम्मत और इलाज का खर्च उठाने से साफ इनकार कर चुका था।
बेलवाल के अनुसार, जब उन्होंने एफआईआर की रिसीविंग देने की मांग की तो थानाध्यक्ष हरपाल सिंह कथित तौर पर नाराज हो गए और पुलिस कॉन्स्टेबल को रिसीविंग देने के निर्देश देते हुए दूसरे पक्ष को भी बुलाकर उनकी एफआईआर दर्ज करने को कहा। बेलवाल ने इस व्यवहार को “निंदनीय” बताते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पूर्व भी क्षेत्रवासियों द्वारा थानाध्यक्ष के खिलाफ कई शिकायतें की जा चुकी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सुबह 10 बजे तक कार्रवाई नहीं होती है तो वह समर्थकों और क्षेत्रवासियों के साथ थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी चोरगलिया पुलिस प्रशासन की होगी।
इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
